गुरुवार, 19 अगस्त 2010

कीचड़

[बारिश में चारों तरफ पानी और कीचड़ ने मुझे अपने अंतरतम में बने कीचड़ की याद करायी. और फिर मैं अपनी नज़रों में शर्म से पानी-पानी हुआ.]

किन शब्दों में स्वीकार करूँ
अपराध भावना मैं मन की
.................."मैं पापी हूँ"
— बस इतने से न बात अलम.

'रो पड़ी'
विवश होकर गुडिया.

आँसू आये
आँसू में घृणा
घृणा मुझसे
.......ना, नहीं
शायद, मेरे दुर्भावों से.

आँसू में
'अपनापन अभाव' की पीड़ा
किसको अपना वह कहे यहाँ
हर वस्तु उसे
..............'मौसी घर' का
..............'शो-पीस' लगे.

हमने अपनेपन का
अन-अर्थ बना डाला खुद ही.

वह नहीं बोलती
............ अथवा
है नहीं ज़रुरत
— सचमुच
उसको किसी वस्तु की.

कैसे मानूँ —
वह खुश है,
— स्वतंत्रमना है.

रवि अस्त
घूमता हस्त
पाप का तम में
छूने को गुड़िया के कपोल
— वात्सल्य किवा अपराध सोच?

रवि उदय अभी होने में बाक़ी
एक प्रहर
कालिमा और घहराती
जाती है सत्वर.

'पापों के मेरे नहीं थाह'
चाहे लिक्खूँ दीवारों पर
— शान्तं पापं —
हर जगह स्वयं के सम्मुख
वह नहीं शांत होते हैं पर
(सीमित कविता तक
वह तो केवल).

स्पर्श कर रहा था मैं
सारे तोड़ बंध
संयम, मर्यादा, लोक-लाज,
बकवास जान पड़ते थे.
— गुड़िया करे शयन —

पड़ गयी पता
'आवश्यकता'
क्या है गुड़िया की.
जो रही छिपा
— लज्जा कारण —

'मुझे छोड़ वहीं आओ (वापस)'
— पीड़ित करते हैं शब्द —

वह तप्त अश्रु
नन्हें हाथों से पोंछ रही.

पर,
पोंछ नहीं पाती
विश्वासों के
नयनों की
'कीचड'

[शायद मैं अपने मन की चिकित्सा करने निमित्त यह भाव सार्वजनिक कर रहा हूँ.]

शनिवार, 14 अगस्त 2010

मातृभाषा : प्रयोग से विकास की आशा

"जब तक मातृभाषा को उच्च शिक्षा का माध्यम नहीं बनाया जाएगा, तब तक पाठ्य-पुस्तकें कैसे लिखी जायेंगी, नयी शब्दावली कैसे बनेगी? भाषा का विकास उसके प्रयोग से ही होता है."
— विश्व कवि रवीन्द्रनाथ टैगोर

यह हमारे देश का दुर्भाग्य व उसकी विडंबना ही कही जायेगी कि स्वतंत्रता प्राप्ति के पचास साल बाद भी अंग्रेज़ी-प्रेम में कोई कमी नहीं आई है. अंग्रेज़ी-भाषा को शिक्षा का माध्यम बनाए जाने के सम्बन्ध में अंग्रेज़ी भाषा के पक्षधर निम्न तर्क देते हैं —
[१] सभी जातीय भाषाओं में अत्यंत सीमित शब्द-भण्डार हैं जो विभिन्न क्षेत्रों, विषयों आदि का ज्ञान देने में असमर्थ हैं.
[२] भारतीय भाषाओं में ज्ञान, विज्ञान की उपयोगी पुस्तकों का अभाव है जिससे बच्चों का ज्ञान अधूरा रह जाता है.
[३] सच्चे अर्थों में अंग्रेज़ी भाषा विश्वव्यापी है. इसके माध्यम से ज्ञान अर्जन में अधिक सुविधा होती है.

............ इन तर्कों पर यदि ध्यान से विचार किये जाए तो ये सारे तर्क निरर्थक व थोथे सिद्ध होते हैं. यदि किसी भाषा को अनुपयोगी मानकर दूसरी भाषा को महत्व दिया जाए तो उस भाषा का न तो विकास हो सकता है और न उसके शब्द-भण्डार में वृद्धि हो सकती है.                                                            [यह मेरे मौलिक विचार नहीं हैं]

शुक्रवार, 13 अगस्त 2010

मातृभाषा अभाव : ज्ञान का रिसाव

"मातृभाषा द्वारा शिक्षण के अभाव ने भारत को निश्चय ही विश्व के सभ्य देशों में, अत्यंत अज्ञानी बना दिया है. यहाँ उच्च शिक्षा-प्राप्त व्यक्तियों की संख्या काई-भर है जबकि अशिक्षितों की अपार जल-राशि है."
— श्रीमती ऐनी बेसेंट

गुरुवार, 12 अगस्त 2010

मेरी दो अ-कवितायें

[१]

मेरी 'नमस्ते' का भूखा

जब भी उससे
नयन मिलते हैं
कुछ अपेक्षा से
उसके नयन ठिठक जाते हैं.
चाहते हैं कि
मेरे नयन
पल भर को
पलकों के हाथ खड़े कर
तपाक से 
गिर पड़े
अपने क़दमों में.

ऐसे में
उसके भूखे कान
सुनने को उतावले
रहते हैं कि
मेरा मुख
उसके कमेन्ट बॉक्स में
'नमस्ते' का
ऑडियो मैसेज छोड़ जाए.

[२]

मेरा बड़प्पन

मेरे बाद जन्मे लोग
मेरी बात क्यों नहीं मानते?

मेरे अनुभव
मेरी उपलब्धियों से लाभ क्यों नहीं उठाते?

क्यों नहीं बैठते
आकर मेरे पास?

क्यों बनी रहती है
हमारे बीच
दो पीढ़ियों की दूरी?

मेरे मन में
इन सभी उठते सवालों के बीच
माँ की आवाज़ ने दस्तक दी .....
"बेटा! मंदिर जाना,
पुजारी के पाँव छूकर आशीर्वाद ले लेना.
भगवान् चाहेगा तो इस बार ....."

तपाक से मेरे भीतर
बैठे बड़प्पन ने जवाब फैंका —
"नहीं माँ, अपने मंदिर का पुजारी
मुझसे उम्र में छोटा है."

मातृभाषा प्रयोग मतलब मानसिक स्वतंत्रता

"केवल एक ही भाषा में हमारे भावों की व्यंजना हो सकती है, केवल एक ही भाषा के शब्दों के सूक्ष्म संकेतों को हम सहज और निश्चित रूप में ग्रहण कर सकते हैं. यह भाषा वह होती है जिसे हम अपनी माता के दूध के साथ सीखते हैं, जिसमें हम अपनी प्रारम्भिक प्रार्थनाओं और हर्ष तथा शोक के उदगारों को व्यक्त करते हैं. दूसरी किसी भाषा को शिक्षा का माध्यम बनाना - विद्यार्थी के श्रम को अनावश्यक रूप से बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि उसकी मानसिक स्वतंत्रता को भी पंगु बना देना है."
— अंग्रेज़ी साहित्यकार ब्रेल्सफोर्ड

बुधवार, 11 अगस्त 2010

मातृभाषा : माता का दूध

"मनुष्य के विकास के लिए मातृभाषा उतनी ही आवश्यक है जितना कि बच्चे के शारीरिक विकास के लिए माता का दूध. बालक पहला पाठ अपनी माता से ही पढता है, इसीलिए उसके मानसिक विकास के लिए उसके ऊपर मातृभाषा के अतिरिक्त कोई दूसरी भाषा लादना मैं 'मातृभाषा' के विरुद्ध पाप समझता हूँ."
— मोहनदास करमचंद गांधी

शनिवार, 7 अगस्त 2010

जीवन दर्शन

मेरे पिता का आज जन्म दिवस है और मैं उनके जीवन दर्शन को व्यक्त करती उनकी आत्मकथात्मक कविता को आपके सामने रख रहा हूँ. उनके मानस को जहाँ तक मैंने समझा उसे अपने शब्दों में ज्यूँ-का-त्यूँ उकेरने का प्रयास किया है.

 
















आज के ही दिन
मुझे मुक्ति मिली थी
माता के गर्भ से
और आज के ही दिन
मुझे होना है
व्यवसाय से मुक्त.

उस मुक्ति पर
जिसे जन्म कहते हैं.
मुझे ध्यान नहीं
कोई बड़ा कार्यक्रम
हुआ था या नहीं.
हाँ, इकट्ठे हुए होंगे अवश्य
मेरे माता-पिता के
नाते-रिश्तेदार, सगे-संबंधी
पास-पड़ौस के रहने वाले लोग
बँटे होंगे लड्डू
'कि लड़का हुआ है'.


वैसी ही खुशी का
यह दूसरा अवसर है
होते हैं खुश वे भी
जो शत्रु मानते हैं मुझे
कि 'अहा, कट गये हाथ-पाँव
पत्रकारिता-जगत से
कि नहीं होगा करना
लिहाज़ 'पंडितजी' की
'मौजूदगी का'.
किन्तु, खुशी दिखलाते हैं
वे भी जो आत्मीय हैं
उनकी खुशी मुझे प्रसन्न करने को है.
याद करते हैं सभी
मुझ संग बितायी घड़ियाँ
चाहते हैं अभिव्यक्त होना
आँसुओं के साथ शत्रु भी
'कि नहीं रहे, अब हम तुम्हारे बैरी.
स्नेही जन
'हनुमान की भाँति
छाती फाड़कर' दिखलाना चाहते हैं
अपने अमूर्त स्नेह की छवि.
ऐसे समय में जब
मिलने वाली है
एक अपार धन-राशि.
— जो किसी मंत्री द्वारा
किये घोटाले की रकम
के मुक़ाबिल
कुछ भी नहीं - कुछ भी नहीं .


आ रहे हैं पास
मिटा रहे हैं गिले-शिकवे
'क्या कारण है, क्या कारण है'
— ऐसा संदेह करना स्वभाव में
नहीं रहा मेरे.
मै देता हूँ प्राधानता.
हमेशा से आज की मित्रता को.
आज की सच्ची खरी निष्ठा को.
प्रेम-पूर्ण व्यवहार को.
शिष्ट आचार को.
नहीं याद करना चाहता तब
किसी समय रही
अपने मध्य की
'कटुता' को.
समाज के कुछ लोग
आज भी मुझे
अपना प्रतिद्वंद्वी मान
तनाव झेल रहे हैं
चाहते हैं मुझको भी
तनाव में रखना
और मैं
रहता हूँ जैसा वे चाहते हैं

फिर भी
जब मित्रवत बना रहता व्यवहार मेरा
तब वे भी शायद
कटुता भुला चुके होते हैं.


आज मैं
सभी क्षेत्रों में अपनी
अब तक बनी
दूरस्थ मित्रता
और समीपस्थ दुश्मनी
को एकरूप कर लेना चाहता हूँ.
मैं नहीं चाहता
कि कभी भी और किसी भी
व्यक्ति द्वारा डाला जाये
सामाजिक कार्यों में व्यवधान.


मैं हमेशा से विद्वानों की
विद्वता सम्मुख
रहा नतमस्तक
पाया अपने को
उनके सामने
वैसे ही
जैसे दरवाजे पर दस्तक
जो होती है धीरे से
खट-खट खट-खट — जिज्ञासापरक.


पत्रकार दस्तक ही तो है
जो जानना चाहती है
कि बैठा है कौन
बंद दरवाजा किये
कमरे के भीतर.


एक समय
जब मैं था सफल प्रूफरीडर
समाज में नहीं चल सका
वह गुण, वह धर्म
दोषों को ढूँढ़ना, छाँटना
व्याकरणिक त्रुटियों पर चिह्न लगाना
लेख-निबंधों तक ठीक है.


'व्यक्ति गलतियों का पुतला है' —
जैसे पाश्चात्य कथन,
'नकारात्मक सोच लिये
आदर्शविहीन वाक्य' — मैंने नहीं गढ़े.

मैंने तो माना है
व्यक्ति को संबंधों का वृक्ष
जिस पर लगते भाँति-भाँति के फल.
किन्तु उनके फलों की मधुरता
'स्वार्थ, संदेह' जैसे मीतनाशक
भावों से दफा हो जाती है.


बचपन के दोस्तों को
जिनके साथ खेला, खाया, बड़ा हुआ
आज
दौड़ती भागती गाड़ियों के बीच
इस शहरी सभ्यता में भुला चुका हूँ.
कौंध जाती है कभी
मानस पटल पर
उनकी देहाती छवि
जब देखता हूँ सड़क के
बीचों बीच पार करते में
बिदका हुआ देहाती-व्यक्ति
किसी 'मारुती' या 'सूमो' के आगे.


क्षण में तैर जाते हैं चित्र
एक एक कर
मेरे अपने निजी विकास के
उठते स्टेटस के
स्कूल के, कोलिज़ के,
विवाह के, व्यवसाय के,
अभिन्न मित्रों के, सहयोगियों के.


आज ढंग से हर चित्र को
देखने का अवसर है, फुर्सत है.
'मैं पाँचवी दर्जा नहीं पढ़ा
मुझे याद है वह दिन
जब मेरा सीधे चौथे से
छठे दर्जे में दाखिला हुआ था.
देश भर में बँटी थी मिठाइयाँ
यह देश की आजादी का दिन था.
उसी बरस शिक्षा की
अनिवार्य भाषा
'उर्दू' समाप्त हो गई.



किसनचन्द्र मिश्र
पड़ोसी 'जीजी' का लड़का
उम्र में चार बरस छोटा
एक ही साइकिल पर
बैठ, जाते थे —
जब किया इंटर.

हो गया विवाह
जीवन का प्रवाह
सतत गतिशील
संघर्ष क्षेत्र ससुराल बना.

खोला विद्यालय
लिया सहयोग विद्वानों का
बुजुर्गों का, सेठों का.
बाद में
अर्थाभाव का शिकार हुए
मेरे दो बच्चे
सुधा और सुधीर.

पत्नी कहती है उसमें
लापरवाही थी मेरी.
पूरे समाज को परिवार-सा
माना है प्रारम्भ से
वह नहीं समझ पाई
आज तक.


ईमानदारी से जी पाना
कठिन है आज के समाज में — सच है.
शायद पुत्रों को, बहुओं को
शिकायत है आज भी
मुझसे — उनके लिये मैंने अधिक
नहीं किया.

ईमानदारी से स्वाभिमानपूर्वक
जीते हैं आज वे
क्या ये संस्कार पर्याप्त नहीं.



विद्याराम मिश्र
जो मुझे 'दादा' कहते हैं
मेरे पुत्रों द्वारा
'गुरु' रूप में आज भी पूजे जाते हैं.


मुझे अपनी ही दृष्टि में
महत्वपूर्ण बना दिया है
जिन अपनों ने
उनमें महेंद्र शर्मा और सतीश सागर
प्रमुख हैं.
मिला है मुझे वर्षों से
अपने बड़ों का निच्छल प्रेम.
शिवराज जी, लोकेन्द्र जी
ने कमी नहीं खलने दी
बड़े भाई की.

मित्रों में सबसे अधिक
निभायी मित्रता मित्तल जी ने
सहयोगी रूप में वे
सबसे पहले आगे आए रहे हैं.


पुत्रों में प्रिय हैं मुझे सभी
पर सबसे अधिक अपेक्षा
मुझे पाँचवे पुत्र से है
जो जुड़ा है लेखन से
शायद वही
मुझे शताब्दियों तक
जीवित रख सके.

किन्तु उनकी लापरवाही
या कहूँ कवि मष्तिष्क ने
उसको कदम-कदम पर दी है असफलता
मैं कहता हूँ "प्रतिभा अवरोध
बर्दाश्त नहीं करती"
कि उसकी हिम्मत बढे.
आत्म-विश्वास बढे.
पर वह व्यंजना कर
उसकी / मान बैठता है
अपने में अकूत प्रतिभा
करने लगता है मूल्यांकन
छिद्रान्वेषण
— अपनी ही कसौटी पर.
अतः भविष्य ही उसका निर्णायक है
कुछ कह पाना उसके विषय में
कठिन है. जटिल है.


समस्त जीवन के अनुभवों का
निचोड़ लेकर समाज के
बुद्धिजीवी वर्ग से
एक ही अपेक्षा पाले हूँ
कि
"समाज-हित के
कार्यों में सहयोगी बनें
........... प्रतिस्पर्धी नहीं.
धार्मिक कर्मों की व्याख्या करें
.......... अवहेलना नहीं.
नैतिकता का प्रसार करें
........... राजनीतिक छल नहीं.
साहित्य से समाज की सेवा करें
............ संस्कारित कर.
उसे दर्पण न दिखाएँ, बार-बार
कि वह नंगा है
सदियों से
जब से वह जन्मा है. "


भविष्य मुझे धुंधलके
में आ रहा नज़र
......... मित्रों से मिल पाना
......... निरंतर अब कम होगा.
.......... समाज के हित का चिंतन
........... अब हर दम होगा.
.......... आओगे जब भी मिलने मुझसे तुम.
........... मेरा प्रेम न कम होगा, न कम होगा.


[मेरे पिता की षष्ठिपूर्ति (७ अगस्त १९९८) पर के अवसर पर पढ़ी गयी आत्मकथात्मक कविता]
{उनकी जीवन-शैली से मुझे आज भी प्रेरणा मिलती है और मैं उनका पाँचवा पुत्र हूँ. }

शुक्रवार, 6 अगस्त 2010

स्वीकार नहीं

"कुछ बन जाऊँ,
औरों से कुछ मैं अलग दिखूँ"
— स्वीकार नहीं.

"कवि हो जाऊँ,
सृष्टा से थोड़ा अलग दिखूँ"
— स्वीकार नहीं.

रविवार, 25 जुलाई 2010

भयभीत श्रद्धा [गुरु-पूर्णिमा पर]

pratulvasistha71@gmail.com
[एक रचना मैं अपनी कोलिज़ की गुरु डॉ. रेखा अवस्थी को समर्पित करता हूँ. वैसे समाज में तमाम मेरे गुरु हैं जिनकी स्मृति आज मैं कर रहा हूँ. नाम लेकर कृतज्ञता अर्पित भी कर लेता हूँ. बालपन के गुरु शांता दीदी,  श्री पूसा सिंह, श्री रफीक मोहम्मद, श्री उमेश सिंह, श्री राम नारायण पाण्डेय, श्री किसन सिंह, श्री यू. वी. सिंह, कथूरिया सर, मित्तल सर, श्री धूम सिंह, श्री गंगा राम; श्री एन. एस. त्यागी, डॉ. विष्णु गोपाल सारस्वत, पोखरयाल सर, श्री एस. एन अवस्थी, आचार्य श्री रामप्रकाश भारद्वाज, धर्म गुरु विद्याराम मिश्र, तानाजी आचार्य, डॉ. देवव्रत आचार्य, डॉ. कृष्ण बिहारी मिश्र, डॉ. अनिल राय, डॉ. छाया तिवारी, डॉ. नवल किशोर शर्मा, डॉ. महेंद्र त्यागी; मित्रों में प्रोफ़ेसर संजय कुमार राजहंस, मित्र दीपचंद पाण्डेय, नवल मित्र अमित शर्मा, लेखक मित्र श्री समीर खान 'सूर्यपुत्र',  दार्शनिक मित्र निखिलेश कुमार 'निखंज', मित्र विनय कुमार, मित्र इन्दर कुमार — इन सभी से मैंने अपने चलायमान जीवन में काफी कुछ सीखा है. घोषित गुरुओं में कुछ को तो पता है कि उनका एक शिष्य 'प्रतुल' नामी है. कुछ मित्र-गुरुओं को पता नहीं होगा शायद उनसे किसी ने चुपचाप कुछ सीख लिया है.
मित्र दीप से एकांत सेवन, मित्र संजय राजहंस से मिलनसारिता, मित्र समीर खान से अविश्वास, मित्र मित्र विनय से जानकारी में अपडेट रहना, मित्र इन्दर से गंभीरता — मैंने सभी से कुछ-न- कुछ सीखा लेकिन ये सभी गुण उनकी स्मृति के साथ संचारी रहते हैं. मेरे मूल स्वभाव का गुरु मेरा परिवार, मेरा समाज, मेरे संपर्क में आने वाले लोग हैं. प्रकृति है, परमात्मा है. अतः मैं उन सभी को नमन करता हूँ.
फिलहाल जो कविता मैं देने जा रहा हूँ वह डॉ. रेखा अवस्थी जी के एक संशय से उपजी थी.  व्याख्या देने में कविता कहने की इच्छा समाप्त ना हो जाए सो केवल कविता ही कहूँगा. ]

श्रद्धा समेट आया करने 
वंदन तेरे चरणों का मैं. 
पर मुझको ठोकर दे तुमने 
बिठा दिया श्रद्धा में भय. 


कैसे श्रद्धा निज निर्भय अब 
तेरे चरण पखारेगी.
कैसे हृत का अहम् छोड़कर
वत्सलता से हारेगी.


नहीं भूल पाऊँगा तेरे
शब्द, मिला जिनमें संशय.
पय पीता बच्चा बनता, सब
बातें मेरी मिथ्यामय.


सोच रहा था गुरु-पूर्णिमा
के दिन पाऊँगा आशी.
सदा-सदा के लिए भाग्य
से, अमा छंटेगी अविनाशी.


पर दुर्भाग्य सदा मुझसे दो
कदम पूर्व ही चलता है.
घोर निराशा की संध्या में
आशा-दिनकर ढलता है.
[रचनाकाल : गुरु-पूर्णिमा, १९९२]

मंगलवार, 25 मई 2010

चंदू मेरा बन्धु

ऑफिस में मेरा एक साथी है चन्द्र प्रकाश. हरियाणवी यादव. खेत-खलियान भरपूर, ढोर-डांगर भी घी-दूध में डूबे रहने के लिए अच्छी-खासी संख्या में है. चाहता तो ता पुलिस की नौकरी. पर हर बार इंटरव्यू में अच्छी सिफारिश ना होने के कारण मायूस होना पड़ता है. कमरदर्द की शिकायत उसे काफी रहने लगी है. पापा शादी के लिए उसपर दबाव बनाए रहते है. लेकिन मन-ही-मन वो...... नहीं बताना मना है. कविता सुन लीजिये. कविता में कहने की कवि को छूट है.  मेरे मित्र दीप जी ने इस कविता को फिर से जीवंत  करने  को कहा  था.

चंदू का मन ..... कोरा पेज़
बेशक उसकी छब्बीस एज़

पहले छापी ..... गर्ल इमेज़
'मैरीज' ने कर दिया इरेज़.

अब ऑफिस है कुर्सी-मेज़.
कमर दर्द करती है. तेज़.

नहीं पचा पाता नॉन-पेज़.
देसी घी से .... है परहेज़.

चौरों का करना था चेज़.
पुलिस मेन इच्छा डेमेज़.

मन अब भी रहता इंगेज.
नयी-नवेली .... गर्ल इमेज.

पापा लगते हैं ... चंगेज़.
रहता है मुनीरका विलेज.

चंदू मेरा .... कोरा पेज़.
जो इमेज़ लाता ....... इरेज़.

सोमवार, 24 मई 2010

मेरे सपने की दूधिया गाय

मेरे बचपन का एक सच्चा सपना और २२ वर्ष वहले २१-१२-१९८८ को लिखी गयी कविता. इस कविता में मैंने एक क्षण-विशेष को मानस में कैद किया हुआ है जो आज भी मुझे बचपन जीने में मदद करता है. आप के सामने एक किस्से के रूप में...

बात पुरानी
वर्षा में भरा घुटनों तक पानी.
सड़कें डूबीं,
खेत डूबे,
हुयी फसलों को हानि.
मोर प्योहूँ-प्योहूँ करें.
मेढक टर-टर राग सुनाएँ.
अब भी थीं नभ पर छायीं काली घनघोर घटायें.

हुयी सांय,
हम बच्चे कूदें पानी पर, सवार से.
हमने तैरायीं कागज़ की नाव, बड़े प्यार से.
भोजन कर,
मैंने दूध माँगा नियम से रात में.
दूध न था जानकार, सो गया मायूस-सा मैं.
स्वप्न आया,
तो देखा एक गाय को साइकल पर.
बेच रही दूध, शुद्ध, ताज़ा व् तुरंत निकालकर.
गाय ने आवाज लगाई —
"दूध ले लो.............दूध."
मैंने पूछा —
"गऊ माता! कैसे दिया है दूध."
बोली वो मुस्कराकर —
"बेटा! तुमने क्या पूछ लिया?
जितना चाहे पियो,
मुफ्त है मैंने लिया."
रात को ही सपना मेरा,
अधूरा छूट गया.
अचानक,
जाग उठा मैं,
पुनः प्रसन्नचित सो गया.

बुधवार, 19 मई 2010

प्रेम औषधि से चिकित्सा करवाने वाले कृपया आगे जाएँ.

मित्र विनय से मुलाक़ात मोबाइल पर हो ही गयी. आगे जानने के लिए दर्शन प्राशन दवाखाने पर जाएँ. मरीज वहीँ मिलेगा. रास्ता है:
http://darshanprashan-pratul.blogspot.com/2010/05/blog-post_19.html

सोमवार, 17 मई 2010

मेरा उत्तर [मेरे मित्र विनय कुमार की कविता]

अपेक्षाएँ हैं मुझसे कितनी,
पूरी कर न सकूँ जितनी.
लाभ इसका होगा क्या,
मेरी बस बात है इतनी.

लिखूँ गद्य लिखूँ पद्य,
न सेवन करूँ कभी मद्य.
विचारूँ छंद उतारूँ निबंध,
बुरी हर बात पे प्रतिबन्ध.

'उनका' विचार अब त्याग दूँ,
सीमाएँ अपनी बाँध लूँ.
दिखाया है आपने जो मार्ग,
अपना लक्ष्य उसपे साध लूँ.

था आवरण संकोच का जो,
अब मेरे किस काम का.
समय आ गया है कदाचित
लज्जा के प्रस्थान का..

[मेरे संकोची मित्र विनय कुमार जी द्वारा रचित एकमात्र कविता, मैंने ज्यूँ की त्यूँ उतार दी है.]
अगर इस कविता को पढ़कर उन्होंने मुझसे संपर्क नहीं किया तो मैं उनपर लिखी सभी कवितायें जग-जाहिर कर दूँगा.

शनिवार, 15 मई 2010

वाह विधाता

देखी तेरी लीला सबने
लिया देख सब डाटा.
................................. वाह विधाता!

फ़ैल रही है कहीं बीमारी
कहीं संकुचित 'त्राता'.
................................. वाह विधाता!


कहीं कंप होती है धरती
कहीं भूधर फट जाता.
................................. वाह विधाता!


बेमौत मरे लाखों नर-नारी
पर तू ना पछताता.
................................. वाह विधाता!


कहीं कृषि को भूमि बंजर
कहीं अकाल पड़ जाता.
................................. वाह विधाता!


कहीं टूटकर पूजा मंदिर
ह्त्याघर खुल जाता.
................................. वाह विधाता!


कहीं उजड़कर झुग्गी-बस्ती
अपार्टमेन्ट बन जाता.
................................. वाह विधाता!


कहीं पलायन वृद्ध कर रहे
कहीं टूटता नाता.
................................. वाह विधाता!


कहीं भीड़ है भक्त जनों की
कहीं कोई ना आता.
................................. वाह विधाता!

कहीं किसी पर उड़न-खटोला
कहीं बामुश्किल छाता.
................................. वाह विधाता!


कहीं टिप्पणी लगे सैकड़ा.
कहीं खुला ना खाता.
................................. वाह विधाता!

[त्राता — कल्याणकारी ईश्वर,
भूधर — पहाड़,
उड़न खटोला — हवाई जहाज, {एक विशेष सन्दर्भ में प्रयोग}
छाता — छतरी ]

गुरुवार, 13 मई 2010

साहित्यकार

पान
बीड़ी
तम्बाकू
सिगरिट का धुआँ.
थोड़ी शराब, थोड़ा जुआँ
— हो जाए.
बनो 'मेरे यार'.
मैं इस युग का साहित्यकार.

बुधवार, 12 मई 2010

मेरे हाल चाल

आज गुप्पा हो गया
................ मैं फूलकर इतना
............................लगने लगा भय
.......................................नोक से.

आसमान में उठा
................ मैं ऊलकर इतना
.......................... भगने लगा हय*
.................................... शोक से.

साथ तेरे थक गया
................ मैं झूलकर इतना
........................... जगने लगा मैं
................................... झोंक से.

उर को सभी कुछ दे दिया
.................. है मूल-कर इतना
.......................... ठगने लगी वय*
..................................... थोक से.

आप आते हो नहीं
................... मुँह खोलकर अपना
............................... पगने लगी लय
......................................... कोक* से.

हय — घोड़ा;
वय — आयु;
कोक — काम-वासना.

मंगलवार, 11 मई 2010

धनिया माँगते हैं

तीज त्योहारों पर ........................ जमादार.
शादी-ब्याह
और बच्चा होने पर ....................... हिंजड़े.
ज़रा-सा
कंस्ट्रक्शन शुरू करने पर ................. ठुल्ले.
.......................हक़, न्योत, चाय-पानी माँगते हैं.


पब्लिक स्कूल में
एडमिशन पर ............................. प्रिंसिपल.
परीक्षा से पहले
कमज़ोर बच्चों से ......................... ट्यूटर.
फेल को
पास में बदलने पर ...................... मास्टर.
...................... डोनेशन, फीस, बच्चों की मिठाई के लिए पैसा माँगते हैं.


तीर्थ स्थलों पर
शंख बजाकर .......................... मोटे साधू.
सरकारी दफ्तरों में
फाइलों के पास बैठे ......................... बाबू.
नौकरी के लिए
इंटरव्यू देने के बाद ................... निर्णायक.
....................... दान, पान-बीढ़ी, जेब गरम करने को लक्ष्मी माँगते हैं.


होटल में
खाना खिलाने के बाद ...................... बैरा.
प्लेट-फॉर्म पर
बोझा ढोने के बाद .......................... कुली.
सब्जीमंडी में
शाक खरीदने के बाद ................ ग्राहक.
........................ टिप, बक्शीश, धनिया माँगते हैं.

रविवार, 9 मई 2010

बौनी पीढ़ी


 
गमलों में

उग आये हैं
नीम बेल अनार इमली के पेड़.

गमलों में
पेड़ों को उगा देख
बसे-बसाए 'फूल से'
किराएदारों को मैंने विदा किया.

माँ ने समझाया
गमलों में पेड़ नहीं लगते.
पेड़ों को चाहिए होती है ज़मीन
अधिक क्षेत्रफल/ खुलापन
बेटा, पौधों को गमलों से मत निकालो
मत बसाओ पेड़ों को गमलों में.

मैंने कहा —
माँ! ये गमलों में बौने ही रहेंगे
मैं इन्हें खाद पानी दे ज़िंदा रखूँगा.
ये पेड़ उगाने का बौन्साई फार्मूला है – कम स्पेस में.
आजकल इसी का फैशन है
घर-घर उगाये जा रहे हैं इसी नीति से पेड़.
कुछ सालों बाद ये फल देने लगते हैं.

पिता ने कहा —
"बेटा! इनके फलों में स्वाद नहीं होगा
असली जैसा"

कमरे के भीतर से आता 'बच्चों का शोर' सुन
पिता की बात को अनसुना करने का
मुझे कल्चर्ड बहाना भी मिल गया.
— पापा सर्कस जाना है.
— पापा 'पा' देखने चलो.
पत्नी का दोनों बच्चों को पूरा सपोर्ट था

सो, पहले सर्कस
फिर फिल्म/ बारी-बारी से जाना हुआ.

पहला 'शो' सर्कस
जहाँ
बच्चों के कद में
समाहित थे पूरे के पूरे आदमी/
उनका चलना, उनका घूमना/
उनका उठना-बैठना, झूमना
बच्चों की हँसी को कंटीन्यू किये था.

समाज में जब हम देखते हैं किसी को
उम्र से घट-बढ़ हरकतें करते देखते
– हँसी छूट जाती है.
पर यहाँ तो उम्र अपनी सही जगह लिए है
कद ही नहीं है अपने ठिकाने पर.
"बौना"
परमात्मा का 'अनफेयर' 'अमेच्योर सृजन
फिर भी उसको देख
हँसी आ जाती है क्यों?

दूसरा 'शो'
३ से ६ "पा"
"ओरो"
प्रोगेरिया का शिकार
 परमात्मा का अनजस्टिस/
इकतरफा प्रोग्रेस
जिसमें शरीर तेज़ी से महीने-दर-महीने उम्र की दहलीज़ें लांघता है.
 पर पिछड़ जाती है अक्ल, उम्र के मुताबिक़.

'पा' के बाद से ही समाज में सुन्दर महिलाओं के नज़रिए में दिखने लगा था बदलाव.
जो कभी किसी वृद्ध व्यक्ति के घूरने पर बिदक जाया करती थीं घरेलू औरतें/
अब वही खोजने लगीं हैं हर बूढी घूरती नज़रों में छिपा हुआ 'बच्चा' प्यार से.
सच में 'पा' का क्रांतिकारी असर है.


सर्कस और फिल्म देखने के बाद
घर लौट आया मैं खयालों में

'मनोरंजन' एक खाद है
जो थोड़ी मात्रा में दी जाये तो
थके मस्तिष्क को रिलेक्स देती है.
नयी ऊर्जा से पुनः भर देती है.'
पर मनोरंजन की हवस
किस तरफ ले जाती है
समझ नहीं आता.
क्योंकि तब तक दिमाग सोचने लायक नहीं रहता.
मनोरंजन में बहते जाना बहते जाना
जरूरत सी लगने लगती है.
क्रिकेट मैच देखने से छूट जाए
तो उसके हाईलाइट्स देखने बेहद ज़रूरी हैं.
चाहे दिनभर ऑफिस में आँखें
कम्पूटर के आगे थकाई हों.
देश की कौन-सी विधान-सभा में
हंगामा हुआ/ जूतम-पैजार हुआ/
किस नेता की जोकरी का कारनामा
आज पूरे दिन चैनल्स पर छाया रहा.
किस छोटे कद के नेता ने बड़े बोल बोले.
किस गुदड़ी में छिपे संत के
उसके भक्त ने सारे राज़ खोले.
खबर मालूम पड़ने पर भी
बार-बार फिर-फिर
मर्डर-मिस्ट्रीयों में
मनोरंजन खोजते रहना.

-- कहाँ करें मनोरंजन का अंत.
कैसे दें आखों को आराम/
दिमाग को दो क्षण सुकून के. ...
सोचता-सोचता कब मैं
घर के टी वी के सामने
आ बैठा पता ना चला.


टी वी पर चल रहा था
'डांस-इंडिया-डांस' के जूनियर्स शो ऑडिशंस.
सभी माता-पिता अपने-अपने बच्चों से
युवक-युवतियों के शारीरिक भावों की
उलटी करवा देना चाहते थे.

खैर, मैंने
सुबह से शाम तक
और रात को भी
हर कहीं होते देखी
बौन्साई खेती.
घर की बालकोनी और छतों से लेकर
घर के अन्दर माँ की गोद तक में.

जब मैं नहीं छोड़ पा रहा हूँ
पेड़ों को गमलों में लगाने के शौक को.
तो क्यों उम्मीद करूँ
छोड़ देंगे बाक़ी भी
बोनसाई फार्मूले से
बच्चों को पोसना.

शनिवार, 8 मई 2010

बचत

जेब में
मेरे
'अठन्नी '
हाथ फैलाता
...........................................................................भिखारी
दूर दिखता.
काटता हूँ
मैं
इधर
चुपचाप कन्नी.

शुक्रवार, 7 मई 2010

असल बिहारी

हर शब्द का होता है
अपना एक इतिहास.
भाषा वैज्ञानिक खोद निकालता है
शब्द का आदिम रूप
प्रयोग में लिए जा रहे
प्रचलित शब्दों के आस-पास.

इस खुदाई में 'मूल शब्द'
किस समय – कितना गला, कितना चला
कितना घिसा, कितना पिसा.
किस शब्द ने कितनी साँसें लीं.
किस शब्द ने कब दम तोड़ा.
कौन कब हुआ लापता.
किसने अपने असल अर्थ को छोड़
पराये अर्थ की शरण ली.
कौन धर्मात्मा से बन गया डॉन.
कौन हो गया अपनी उपेक्षा से मौन.
— सभी पहलुओं पर होती है भाषा इतिहासकार की नज़र.

लोक परम्पराओं के खंडहर में
भूले-भटके टहलता हुआ
दीख पड़ता है जब कोई
शब्द का साया.
भाषा वैज्ञानिक
कान खड़े कर
उसके पदचापों को सुनने
वहाँ की ज़मीन तक खोद डालते हैं कि
मिल जाए उन्हें उस शब्द का डीएनए चित्र.
प्राप्त हो जाए उसका असल चेहरा.
.
.
.
आज मैं 'बिहारी'
के असल चेहरे को ढूँढने निकला हूँ.
जो बिहारी शब्द अपने रंग-बिरंगे अर्थों में
आज अपना असल अर्थ खो चुका है.
यदि घृणा से उच्चार दूँ — 'बिहारी'
तो संबोधित व्यक्ति लाल-पीला हुए बिना न रहे.
यदि भक्ति-भाव से बोलूँ 'माखनचोर' अर्थ में
तो लग जाए जयकारा.
किन्तु  असल बिहारी का चेहरा तो खुदाई में निकला है.
.
.
अरे! 'बिहारी' का चेहरा तो 'बीहाड़ी' से निर्मित है.
बीहड़ों में  बसता था जो आदिम शब्द
वह वहाँ उच्चरित होता था  'ड़' के अभाव में.
बीहड़ में रहता था जो बीहाड़ी.
वह बताया जाने लगा 'बिहारी'.
.
.
.
.
.

इतनी मशक्कत
इतनी खुदाई के बाद
मिल गया है मुझे बिहारी का असल आदिम रूप.
लेकिन इस थकान में
'बीहड़' शब्द की खुदाई करने का अब दम नहीं.

[मेरे कई साथी बिहार प्रांत से हैं, उनसे हिंदी-संस्कृत शब्दों पर माथापच्ची होती रहती है. यह केवल मनो-विनोद निमित्त लिखा गया है.]

मेरे पाठक मेरे आलोचक

Kavya Therapy

मेरे बारे में

मेरी फ़ोटो
नयी दिल्ली, India
समस्त भारतीय कलाओं में रूचि रखता हूँ.